जांजगीर-चांपा निर्माण पोर्टल’ से बढ़ी पारदर्शिता, अब एक क्लिक में विकास कार्यों की पूरी जानकारी

जांजगीर-चांपा। जिले में निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने ‘जांजगीर-चांपा निर्माण पोर्टल’ की शुरुआत की है। कलेक्टर एवं जिला प्रशासन के इस नवाचार से अब आम नागरिक घर बैठे ही एक क्लिक में विकास कार्यों की प्रगति, स्वीकृति और क्रियान्वयन की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।


कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे की पहल पर 15 सितंबर 2025 से प्रारंभ इस पोर्टल के माध्यम से वर्ष 2024-25 के 485 तथा वर्ष 2025-26 के 84, कुल 569 निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई है। पोर्टल में नए कार्यों और उनकी प्रगति की जानकारी लगातार अपडेट की जा रही है।

कलेक्टर श्री महोबे ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि स्कूल भवन, आंगनवाड़ी, नाली, सड़क निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी एवं संबंधित फोटो नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड करें, ताकि नागरिकों को कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की सटीक जानकारी मिल सके।
इस पोर्टल के माध्यम से आम नागरिक न केवल अपने क्षेत्र में चल रहे कार्यों की निगरानी कर सकेंगे, बल्कि अपनी प्रतिक्रिया और सुझाव भी दे पाएंगे, जिससे विकास कार्यों की गुणवत्ता में सुधार संभव होगा। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता के साथ जनविश्वास भी मजबूत हो रहा है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से पूर्ण हों। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करें और विकास कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।




