जांजगीर-चांपा को मिली साइबर सुरक्षा की बड़ी सौगात, साइबर थाना हुआ शुरूस्लग:

रिपोर्टर:
शुभांशु मिश्रा
लोकेशन:
जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आज दिनांक 28 जनवरी 2026 को दोपहर 12:30 बजे जिले के साइबर थाना जांजगीर-चांपा का वर्चुअल उद्घाटन संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम जिला पुलिस कंट्रोल रूम, जांजगीर-चांपा से आयोजित किया गया।
उद्घाटन कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन ने वर्चुअल माध्यम से साइबर थाना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
साइबर थाना की स्थापना का मुख्य उद्देश्य जिले में बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, बैंक फ्रॉड, सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों और डिजिटल धोखाधड़ी के मामलों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी इस पहल का अहम हिस्सा है।



अब जिले के नागरिक साइबर अपराध से संबंधित शिकायतें सीधे साइबर थाने में दर्ज करा सकेंगे, जिससे मामलों के त्वरित निराकरण में मदद मिलेगी। साइबर थाना आधुनिक तकनीकी संसाधनों और प्रशिक्षित पुलिस कर्मियों से लैस रहेगा, जो डिजिटल अपराधों की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि साइबर थाना के संचालन से न केवल अपराधों पर अंकुश लगेगा, बल्कि आम लोगों का डिजिटल लेन-देन और ऑनलाइन गतिविधियों पर भरोसा भी बढ़ेगा। यह पहल जांजगीर-चांपा जिले को साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में एक नई मजबूती प्रदान करेगी।




