जांजगीर-चांपा: अब महिलाएं संभालेंगी सुरक्षा की कमान, बलौदा के चारपारा में ‘महिला कमांडो’ टीम का गठन

लोकेशन: जांजगीर-चांपा (बलौदा) / रिपोर्टर: शुभांशु मिश्रा
जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम चारपारा में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत यहां महिला कमांडो टीम का गठन किया गया, जिसके जरिए गांव की महिलाएं अब सुरक्षा और जागरूकता की जिम्मेदारी खुद संभालेंगी।


पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित इस विशेष जागरूकता कार्यक्रम में थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने ग्रामीणों और महिलाओं के साथ संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान करीब 60 महिलाओं को शामिल करते हुए महिला कमांडो टीम का गठन किया गया।
इस टीम का मुख्य उद्देश्य गांव और आसपास के क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाना और महिला संबंधित अपराधों की रोकथाम में सहयोग करना है।

कार्यक्रम में महिलाओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही महिला कमांडो टीम को उनकी पहचान के लिए टोपी और सीटी वितरित की गई, ताकि वे अपने कर्तव्यों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
इस पहल को ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सराहा है और पुलिस को सहयोग देने का भरोसा भी जताया है। पुलिस का मानना है कि सामुदायिक पुलिसिंग के जरिए जनता और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत होगा और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर होगी।




