जांजगीर-चांपा

शिवरीनारायण मेला 2026: सुरक्षा को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस हाई अलर्ट, लगातार पेट्रोलिंग और सख्त कार्रवाई

रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा
स्थान – शिवरीनारायण


जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में आयोजित ऐतिहासिक मेले में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मेला क्षेत्र में सुरक्षा, शांति और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं।
पुलिस टीम लगातार मेला परिसर में पेट्रोलिंग कर रही है और रात्रि गश्त के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। संभावित अपराधों को रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने मेले में मौजूद युवकों से हजारों स्टील के कड़े उतरवाकर जब्त किए हैं, जिनका उपयोग हमले जैसे अपराधों में किया जा सकता था।

इसके साथ ही बुलेट वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। मौके पर ही मॉडिफाइड साइलेंसर निकालकर जब्त किए गए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच ब्रेथएनालाइजर मशीन से की जा रही है। शराबी वाहन चालक पाए जाने पर उनके वाहन जब्त कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने अपील की है कि वे अधिक कीमती आभूषण पहनकर न आएं और आवश्यक होने पर गहनों को सुरक्षित तरीके से रखें, ताकि चैन स्नैचिंग जैसी घटनाओं से बचा जा सके। वहीं, श्रद्धालुओं से अपने पर्स, मोबाइल और अन्य कीमती सामान के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई है।

छोटे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि बच्चों की जेब में माता-पिता का नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखकर रखें, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल मदद मिल सके। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बच्चों को गोद में या कंधे पर रखने की सलाह दी गई है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं। अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और नागरिकों से शांति, अनुशासन और नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि शिवरीनारायण मेला को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button