नशा मुक्ति और साइबर जागरूकता की मुहिम तेज: गांव-गांव पहुंची जांजगीर-चांपा पुलिस

रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा
लोकेशन – जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा पुलिस ने नशा मुक्त समाज और साइबर सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक और अहम कदम उठाया है।
सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जिले के ग्रामीण इलाकों में नशा मुक्ति और साइबर जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय, आईपीएस के निर्देशन में थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम उदयभांठा और थाना बिर्रा क्षेत्र के ग्राम धीवरा में यह जागरूकता अभियान चलाया गया।
थाना नवागढ़ के प्रभारी निरीक्षक कमलेश सेंडे और थाना बिर्रा प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान अवैध शराब और नशा कारोबार के खिलाफ सशक्त संदेश दिया गया, साथ ही लोगों से नशे से दूर रहने और समाज को सुरक्षित बनाने की अपील की गई।

इसके अलावा साइबर अपराधों को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों से बचाव के उपाय बताए गए।
पुलिस ने स्पष्ट रूप से समझाया कि किसी भी अंजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी किसी के साथ साझा न करें और सोशल मीडिया का सुरक्षित व जिम्मेदार उपयोग करें।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब, नशा कारोबार और साइबर अपराधों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस की यह पहल न केवल जागरूकता बढ़ा रही है, बल्कि सुरक्षित और स्वस्थ समाज की दिशा में एक मजबूत कदम भी साबित हो रही है।




