अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जांजगीर-चांपा पुलिस का जागरूकता अभियान, महिलाओं को बताए अधिकार और सुरक्षा उपाय

रिपोर्टर: शुभांशु मिश्रा
लोकेशन: जांजगीर-चांपा
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने अलग-अलग गांवों में पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
जांजगीर के सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ग्राम धाराशिव पहुंचे, जबकि डीएसपी अजाक सतरूपा तारम ग्राम सिवनी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं। यहां महिलाओं को उनके कानूनी अधिकार, सुरक्षा उपाय और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।




पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना डर के तुरंत पुलिस से संपर्क करें। साथ ही आत्मरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के तरीकों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
वहीं चांपा विश्राम गृह में आयोजित सम्मान समारोह में भी अधिकारी शामिल हुए, जहां कार्यक्रम में भाग लेने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस विभाग का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि वे समाज में सुरक्षित और सशक्त भूमिका निभा सकें।




