नुक्कड़ नाटक से यातायात जागरूकता, सड़क सुरक्षा माह में जांजगीर पुलिस का अभिनव प्रयास

जांजगीर-चांपा
शुभांशु मिश्रा
जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात नियमों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज यातायात पुलिस ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री उदयन बेहार के नेतृत्व में यह जन जागरूकता कार्यक्रम थाना बलौदा, अकलतरा और मुलमुला क्षेत्र में आयोजित किया गया।

नुक्कड़ नाटक के ज़रिये आम नागरिकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर वाहन न चलाने, नाबालिगों को वाहन न सौंपने और यातायात संकेतों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, लोगों में सुरक्षित और जिम्मेदार वाहन चलाने की आदत विकसित करना और यातायात नियमों के पालन को लेकर जन चेतना बढ़ाना है।




