जशपुर: थ्रैशर मशीन हादसा—धान समेटते वक्त महिला की दर्दनाक मौत, दोकड़ा पुलिस जांच में जुटी

ब्यूरो रिपोर्ट — दीपक वर्मा, कुनकुरी
कुनकुरी
जशपुर जिले में आज शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। मुस्कुटी के ढोढ़ी बहार स्थित बड़ाइक पारा में धान प्रोसेसिंग के दौरान थ्रैशर मशीन की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना सुबह धान उठाने के काम के दौरान हुई। जानकारी के अनुसार, धान मशीन से निकले धान को प्लास्टिक पर समेटते समय अचानक महिला का हाथ ट्रैक्टर और मशीन के बीच लगे तेज़ी से घूमते पट्टे में फंस गया। पट्टा इतनी तेज़ी से घूम रहा था कि महिला कुछ ही सेकंड में गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई तथा शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मृत महिला की पहचान गणेशी बाई (45 वर्ष), पति जगमोहन, निवासी मुस्कुटी बड़ाइक पारा के रूप में की गई है।

सूचना पर दोकड़ा पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पहुँची।
थाना प्रभारी अशोक यादव ने बताया—
“यह आज सुबह की घटना है। धान मशीन के पट्टे में फंसने से महिला की दर्दनाक मौत हुई है। डॉक्टर मौके पर पहुँच चुके हैं। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।”


ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में धान प्रोसेसिंग के दौरान सुरक्षा उपायों की कमी के कारण ऐसे हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि लापरवाही के मामलों में कार्रवाई हो और सुरक्षा मानकों को कड़ाई से लागू किया जाए।
हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।




