झूलन–पकरिया धान खरीदी केंद्र बना अव्यवस्था का अड्डा, प्रभारी नदारद, किसान बेहाल

रिपोर्टर
रजनी मानिकपुरी
लोकेशन
अकलतरा – पकरिया | जिला जांजगीर–चांपा
जांजगीर–चांपा जिले के अकलतरा विकासखंड अंतर्गत झूलन–पकरिया धान खरीदी केंद्र से प्रशासनिक लापरवाही की गंभीर तस्वीर सामने आई है। यहां प्रभारी की लगातार गैरमौजूदगी और कर्मचारियों के गैर-जिम्मेदाराना रवैये से किसान परेशान और आक्रोशित हैं। हालात ऐसे हैं कि सरकार की धान खरीदी व्यवस्था ज़मीन पर चरमराती नज़र आ रही है।
झूलन–पकरिया धान खरीदी केंद्र में किसानों का आरोप है कि केंद्र प्रभारी अधिकांश समय ड्यूटी से नदारद रहते हैं। जब किसान किसी समस्या को लेकर उनसे संपर्क करना चाहते हैं, तो उनका मोबाइल फोन बंद या अनुपलब्ध रहता है। ऐसे में किसानों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है।
किसानों का कहना है कि प्रभारी की अनुपस्थिति के चलते धान तौल, टोकन जारी करने, रिकॉर्ड अपडेट और भुगतान प्रक्रिया जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। कई बार किसानों को पूरा दिन केंद्र में बैठकर इंतजार करना पड़ता है, फिर भी काम नहीं हो पाता।


स्थिति यहीं तक सीमित नहीं है। केंद्र पर पदस्थ ऑपरेटर पर भी किसानों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि ऑपरेटर का व्यवहार असंवेदनशील और तानाशाही भरा है। वे किसानों से ठीक ढंग से बात नहीं करते और स्वयं को “बड़ा अधिकारी” बताकर समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं।
किसानों का सवाल है कि जब जिम्मेदार अधिकारी ही अपनी जिम्मेदारी निभाने से बच रहे हैं, तो वे अपनी शिकायत आखिर किससे करें। इस अव्यवस्था के कारण किसानों को मानसिक तनाव के साथ-साथ आर्थिक नुकसान का भी सामना करना पड़ रहा है।
किसानों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से झूलन–पकरिया धान खरीदी केंद्र की तत्काल जांच कराने और लापरवाही बरतने वाले प्रभारी व ऑपरेटर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। किसानों का साफ कहना है कि जब तक जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक व्यवस्था में सुधार संभव नहीं है।





