छत्तीसगढ़ भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री बने जितेन्द्र देवांगन

राहुल टिकरिहा ने सौंपी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, संगठन में खुशी की लहर
जांजगीर-चांपा
भारतीय जनता युवा मोर्चा, छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री राहुल टिकरिहा ने जांजगीर निवासी श्री जितेन्द्र देवांगन को संगठन का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है। उनकी इस नियुक्ति को युवा मोर्चा संगठन को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
श्री जितेन्द्र देवांगन का राजनीतिक एवं संगठनात्मक सफर छात्र जीवन से ही सक्रिय, अनुशासित और संघर्षपूर्ण रहा है। वे ठाकुर छेदीलाल शासकीय महाविद्यालय में छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुके हैं, जहां से उन्होंने नेतृत्व की मजबूत नींव रखी। इसके पश्चात उन्होंने जांजगीर-नैला नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 11 से पार्षद के रूप में निर्वाचित होकर जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई।
संगठनात्मक अनुभव की बात करें तो श्री देवांगन ने भारतीय जनता युवा मोर्चा में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उन्होंने क्रमशः जिला महामंत्री भाजयुमो, प्रदेश मंत्री भाजयुमो छत्तीसगढ़ तथा प्रदेश उपाध्यक्ष भाजयुमो छत्तीसगढ़ जैसे पदों पर रहते हुए संगठन विस्तार, युवा जोड़ो अभियान और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
उनकी निरंतर सक्रियता, संगठन के प्रति निष्ठा, परिश्रम, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को ध्यान में रखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति से यह उम्मीद जताई जा रही है कि प्रदेश स्तर पर युवा मोर्चा और अधिक संगठित, सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका निभाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष श्री राहुल टिकरिहा ने श्री जितेन्द्र देवांगन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में युवा मोर्चा संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और युवाओं को राष्ट्र निर्माण व संगठनात्मक कार्यों से जोड़ने में वे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
श्री देवांगन की नियुक्ति पर जिले एवं प्रदेश के भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में हर्ष का माहौल है तथा उन्हें बधाइयों का सिलसिला जारी है।




