राहौद और जांजगीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, महिला आरोपी सहित दो गिरफ्तार, अवैध शराब बरामद

रिपोर्टर:- शुभांशु मिश्रा
लोकेशन:- जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले से अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई की खबर सामने आ रही है। पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब बिक्री पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस सहायता केंद्र राहौद और थाना जांजगीर पुलिस की त्वरित कार्रवाई में महिला आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सहायता केंद्र राहौद द्वारा आरोपी गणेश धनवार, उम्र 24 वर्ष, निवासी पकरिया पारा धनवार डेरा थाना शिवरीनारायण के कब्जे से 15 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।

वहीं थाना जांजगीर पुलिस द्वारा महिला आरोपी ललिता कौशिक, उम्र 36 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 13 तिलाई थाना जांजगीर के कब्जे से 32 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की गई। दोनों मामलों में कुल जब्त शराब की कीमत करीब 4 हजार 60 रुपये आंकी गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी सत्यम चौहान, थाना जांजगीर से सहायक उप निरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, जगदीश रत्नाकर सहित पुलिस सहायता केंद्र राहौद और थाना शिवरीनारायण पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबार पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




