बेमेतरा में पत्रकारों का हल्ला बोल — झूठी शिकायत के खिलाफ सैकड़ों पत्रकारों का पैदल मार्च, एसपी को सौंपा ज्ञापन

स्थान- बेमेतरा
बेमेतरा जिले में पत्रकारों के खिलाफ की गई कथित झूठी शिकायत के विरोध में जिले के सभी पत्रकार एकजुट हो गए। मंगलवार को जिलेभर से पहुंचे पत्रकारों ने रेस्ट हाउस से सिटी कोतवाली तक पैदल मार्च करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। पत्रकारों ने एसपी रामकृष्ण साहू को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बेमेतरा जिला मुख्यालय में आज पत्रकारों का गुस्सा सड़कों पर नजर आया। सरपंच संघ नवागढ़ द्वारा कुछ पत्रकारों के खिलाफ की गई कथित झूठी शिकायत को लेकर जिले के सैकड़ों पत्रकार रेस्ट हाउस से सिटी कोतवाली तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे।
इस दौरान पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि यह शिकायत न केवल गलत है, बल्कि पत्रकारिता की साख को धूमिल करने का प्रयास है।
कोतवाली पहुंचकर पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि शिकायत की निष्पक्ष जांच की जाए और यदि जांच में आरोप निराधार पाए जाते हैं तो शिकायतकर्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होती है, तो वे चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन के दौरान जिले के सभी प्रेस संगठन—सिटी प्रेस क्लब, श्रमजीवी पत्रकार संघ, और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एसोसिएशन—के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
प्रदर्शन स्थल पर मौजूद पत्रकारों ने कहा कि
“पत्रकार समाज का दर्पण हैं, उन पर झूठे आरोप लगाना लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को कमजोर करने की साजिश है।”
इस दौरान प्रमुख बाईट्स:
(01) रामकृष्ण साहू, पुलिस अधीक्षक बेमेतरा — “मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी, किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।”
(02) दिनेश दुबे, अध्यक्ष सिटी प्रेस क्लब बेमेतरा — “हम किसी से डरने वाले नहीं, पत्रकारिता की गरिमा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।”
(03) जितेंद्र शुक्ला, अध्यक्ष श्रमजीवी पत्रकार संघ — “यदि सात दिन में कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और उग्र होगा।”

