लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की सुरक्षा के लिए एकजुट हुए पत्रकार — यूपी प्रेस क्लब लखनऊ में बहुआयामी संस्था की संगोष्ठी में गूंजा मुद्दा

स्थान: लखनऊ, उत्तर प्रदेश
दिनांक: 9 नवम्बर 2025
लखनऊ में पत्रकारों की सुरक्षा, मान्यता और वेब पोर्टल्स के वैधानिक दर्जे को लेकर एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। बहुआयामी संस्था परिवार और एम.डी. न्यूज़ नेटवर्क के संयुक्त तत्वावधान में हुई इस बैठक में पत्रकारों की 12 सूत्री मांगों पर चर्चा की गई और एकजुट होकर आंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर यूपी प्रेस क्लब, लखनऊ में आयोजित इस “पत्रकार सुरक्षा परिषद व मान्यता संगोष्ठी” में प्रदेश और देशभर से आए कई वरिष्ठ पत्रकारों, मीडिया प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता बहुआयामी संस्था परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के.एम. आमिश ने की। उन्होंने कहा —
“जब पत्रकारिता की सड़क खामोश हो जाती है, तो संसद आवारा हो जाती है।”
उनका मानना था कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की रक्षा अब पत्रकार संगठनों और संचालकों की सामूहिक जिम्मेदारी बन चुकी है। उन्होंने राजनीतिक हस्तक्षेप और पत्रकारिता पर हो रहे प्रहारों को लेकर चिंता जताई और कहा कि अब समय है जब पत्रकार समुदाय एक मंच पर आकर अपनी मान्यता और सुरक्षा की मांग के लिए संगठित संघर्ष करे।
कार्यक्रम में नियोधि फाउंडेशन के संस्थापक योगेश कुमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप को देखते हुए सरकार को मीडिया कर्मियों के लिए कम शुल्क वाले प्रशिक्षण कोर्स और तकनीकी सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए।
बहुआयामी संस्था परिवार के सलाहकार मुबीन गाजी ने पत्रकारों को संवैधानिक मान्यता दिलाने की लड़ाई को न्यायिक मंच तक जारी रखने की बात कही।
वहीं एम.डी. न्यूज़ के राष्ट्रीय प्रभारी धर्मेंद्र कुमार कसौधन ने पत्रकार संगठन संचालकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया, और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने सभी पत्रकारों को आईडी कार्ड प्रदान किए।
संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सैयद अजीम अहमद ने पत्रकारिता में उत्कृष्ट कार्य करने वाले साथियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
संगोष्ठी में पत्रकारों की सुरक्षा परिषद गठन और वेब पोर्टल्स की मान्यता को लेकर 12 सूत्रीय मांग पत्र तैयार कर सरकार को प्रेषित करने का निर्णय लिया गया।
डॉ. आमिश ने कहा कि अगर मांगें पूरी नहीं होतीं, तो पत्रकारों के सम्मान और अधिकारों के लिए राज्यव्यापी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
कार्यक्रम में हाईकोर्ट अधिवक्ता श्री जुनैद अहमद, संगठन संस्थापक मिस्टर अमीन खान, आरटीआई विशेषज्ञ तनवीर अहमद (प्रधान संपादक, लखनऊ का अभियान), सामाजिक कार्यकर्ता, तथा संस्था से जुड़े वरिष्ठ सदस्य इंजीनियर इश्तियाक अली, शिवम दीक्षित, ऋषभ कटियार, सूरज कुमार, इमरान, प्रदीप पांडे, आलोक मालपानी, संदीप कुमार, मनीष कांत शर्मा, विशाल कुमार गुप्ता, मोहम्मद शाबान, रुखशीद और मोहम्मद बाकर सहित अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस संगोष्ठी ने न सिर्फ पत्रकारों की एकजुटता को रेखांकित किया, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की मजबूती के लिए एक नई दिशा भी दी। उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि वे पत्रकारिता की गरिमा और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेंगे।




