कलयुगी पिता बना हैवान: 5 साल के बेटे को नहर में डुबोकर की हत्या, पामगढ़ पुलिस ने घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार

रिपोर्टर:शुभांशु मिश्रा / लोकेशन:जांजगीर-चांपा / पामगढ़
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी पिता ने अपने ही 5 वर्षीय मासूम बेटे को नहर के गहरे पानी में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भैसो में एक पिता ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी रेशम लाल यादव (27 वर्ष) ने अपने ही 5 वर्षीय बेटे आयुष यादव को नहर में डुबोकर उसकी हत्या कर दी।बताया जा रहा है कि आरोपी की शादी वर्ष 2018 में हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। पारिवारिक विवाद और आए दिन होने वाली मारपीट के कारण उसकी पत्नी अपनी दो बेटियों को लेकर मायके ग्राम भिलौनी में रहने लगी थी, जबकि बेटा आयुष आरोपी पिता के साथ ही रह रहा था।जानकारी के मुताबिक आरोपी अक्सर अपनी पत्नी को फोन कर धमकी देता था कि वह पहले बेटे को मार देगा और फिर खुद भी आत्महत्या कर लेगा। 13 मार्च की शाम आरोपी अपने बेटे आयुष को लेकर घर से निकला और 14 मार्च की रात करीब 1 बजे ग्राम भिलौनी के आवास पारा नहर में बच्चे को डुबोकर उसकी हत्या कर दी।हत्या करने के बाद आरोपी रात करीब 2 बजे पत्नी के घर पहुंचा और खुद ही बेटे की हत्या करने की बात बताई। घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।




