कंवर समाज में उबाल, आपत्तिजनक सोशल मीडिया टिप्पणी पर प्रदेशभर में आक्रोश

लोकेशन: कोरबा, छत्तीसगढ़
संवाददाता: विनोद जायसवाल
वन विभाग के निलंबित बीटगार्ड शेखर सिंह रात्रे द्वारा सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी के बाद कंवर समाज में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। अविभाजित मध्य प्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ पूर्व विधायक बोधराम कंवर, पुरुषोत्तम कंवर, ननकीराम कंवर, श्यामलाल कंवर सहित पूरे कंवर आदिवासी समाज को लेकर की गई टिप्पणी को समाज ने घोर अपमानजनक बताया है।
आरोप है कि शेखर सिंह रात्रे ने इंस्टाग्राम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कंवर समाज के विरुद्ध आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए टिप्पणी पोस्ट की, जिसे वायरल किया गया। जैसे ही यह मामला सामने आया, कोरबा जिला सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कंवर समाज की इकाइयों में रोष फैल गया।
कंवर समाज के संगठनों द्वारा प्रदेशभर के विभिन्न थाना-चौकी और प्रशासनिक कार्यालयों में लिखित शिकायतें दर्ज कराते हुए आरोपी के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। समाज का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द को ठेस पहुंचाने वाली हैं और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जरूरी है।
कोरबा जिले के बांकीमोगरा थाना में शेखर सिंह रात्रे के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। वहीं, प्रदेश के अन्य थानों में भी प्रकरण दर्ज कराए जाने की जानकारी सामने आ रही है।
मामले को लेकर बढ़ते सामाजिक आक्रोश को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।




