
लोकेशन – सूरजपुर छत्तीसगढ़
रिपोर्टर – सुरेन्द्र साहू
सूरजपुर जिले के विकासखंड प्रेमनगर के तारकेश्वरपुर में करमा नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह पारंपरिक त्यौहार ग्राम पंचायत तारकेश्वरपुर के स्कूल खेल मैदान में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद पंचायत प्रेमनगर क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के करमा नर्तक दलों ने भाग लिया।
मांदर की थाप पर पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने करमा गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। इन प्रस्तुतियों में जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली। निर्णायक मंडल ने नृत्य कला, गायन, वाद्ययंत्र, वेशभूषा और लय-ताल के आधार पर प्रतिभागी दलों का मूल्यांकन किया।


प्रेमनगर की टीम रही प्रथम प्रतियोगिता में नगर पंचायत प्रेमनगर की दिल साय मरपाच्ची एवं टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ग्राम पंचायत रिखी की देवसाय एवं साथी की टीम द्वितीय स्थान पर रही, जबकि करमा नर्तक दल गणेश पुर और बकालो ने तृतीय स्थान पाया था जिसमें सिक्का उछाल कर टास किया जिसमें गणेशपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विजेता टीमों को 5100 रुपये और मादर और 3100 रुपये और मिर्दग के नगद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी प्रदान की गई। करमा नृत्य प्रतियोगिता में झलकी जनजातीय संस्कृति कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रेमनगर विधानसभा के विधायक भुलान सिंह मराबी ने कहा कि करमा त्यौहार का आयोजन आदिवासी परंपराओं और संस्कृति को आगे बढ़ाने की दिशा में सरकार की एक सराहनीय पहल है।
इस अवसर पर करमा प्रतियोगिता के अध्यक्ष सोनसाय नेम सिंह, जनपद उपाध्यक्ष पुनिया राजवाड़े,जनपद सदस्य अमीन बाई, भाजपा मण्डल अध्यक्ष मिथिला बंजारा, कंचन श्याम, बिरेन्द्र जायसवाल, कविता साहू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगमोहन सिंह, श्यामपुर के सरपंच धर्म नारायण सिंह रामलाल, ग्राम के उप सरपंच रमेश साहू, पंच फुलेश्वर राजवाड़े, बेला बाई, राजूदन सिंह, सुभाष साहू बसंती,विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच-पंच सहित कई गणमान्य नागरिक तथा ग्रामीण उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन पारंपरिक नृत्य और सामूहिक उत्सव के साथ हुआ।




