कर्नाटक सरकार के सर्वे में दावा: 91% लोगों को चुनाव और EVM पर भरोसा, राहुल गांधी के आरोपों पर BJP का पलटवार

कर्नाटक सरकार की एजेंसी कर्नाटक मॉनिटरिंग एंड इवैल्यूएशन अथॉरिटी (KMEA) के सर्वे में बड़ा दावा सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के 91% नागरिक मानते हैं कि भारत में चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से होते हैं और EVM सटीक नतीजे देती हैं। यह सर्वे ऐसे समय जारी हुआ है, जब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी लगातार ‘वोट चोरी’ के आरोप लगा रहे हैं।
KMEA की यह स्टडी अगस्त 2025 में तैयार की गई थी, जिसे अब सार्वजनिक किया गया है। रिपोर्ट का शीर्षक है— लोकसभा चुनाव 2024: नागरिकों के ज्ञान, दृष्टिकोण और व्यवहार का मूल्यांकन। यह सर्वे कर्नाटक के 34 निर्वाचन जिलों के 102 विधानसभा क्षेत्रों में SVEEP कार्यक्रम के तहत किया गया था।
रिपोर्ट सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने सोशल मीडिया पर कहा कि देश के नागरिक चुनाव प्रक्रिया और EVM पर भरोसा कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस को हर चीज पर शक है। उन्होंने इसे राहुल गांधी के आरोपों पर “करारा जवाब” बताया।
उधर, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इससे पहले कर्नाटक समेत कई राज्यों में चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा चुके हैं। हालांकि, कर्नाटक सरकार की ही एजेंसी के इस सर्वे ने चुनावी व्यवस्था में जनता के भरोसे को मजबूत बताया है, जिससे राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।




