गौरवपथ में शीघ्र स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग, केशरवानी समाज चांपा ने नपाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

रिपोर्टर:- शुभांशु मिश्रा
लोकेशन:- चांपा
चांपा नगर का गौरवपथ इन दिनों एक्सीडेंट जोन बनता जा रहा है। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से आम नागरिकों में भय का माहौल है। इसी को लेकर केशरवानी समाज चांपा ने नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर गौरवपथ में अलग-अलग स्थानों पर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर शीघ्र बनाने की मांग की है। समाज का कहना है कि इससे तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगेगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
नगर का गौरवपथ इन दिनों लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारण चर्चा में है। इस मार्ग पर कॉलेज, बस स्टैंड, कई अस्पताल, पीएचई कार्यालय, नगरपालिका कार्यालय और शराब दुकान स्थित होने से आवागमन काफी बढ़ गया है। सड़क की बेहतर बनावट के कारण वाहन चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
इन्हीं दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से केशरवानी समाज चांपा का एक प्रतिनिधिमंडल नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव से मिला और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गौरवपथ के संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर शीघ्र स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की गई, ताकि आम जनता, पैदल यात्रियों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान केशरवानी समाज के संरक्षक भवानी गुप्ता, नगर अध्यक्ष मूलचंद गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष अरुण गुप्ता, संगठन मंत्री लक्ष्मीकांत गुप्ता, कार्ययोजना मंत्री विष्णु बानी, प्रचार-प्रसार मंत्री परमेश्वर केशरवानी, सह-कोषाध्यक्ष नीलेश गुप्ता, तरुण सभा के कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता, राष्ट्रीय महिला सभा की संरक्षक श्रीमती कल्याणी केशरवानी, नगर महिला सभा की अध्यक्ष अल्का केशरवानी, श्रीमती पूजा गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
समाज के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि नगर प्रशासन इस गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए जल्द ठोस कदम उठाएगा, जिससे गौरवपथ पर हो रही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।




