छत्तीसगढ़महासमुंद

खल्लारी माता मंदिर रोपवे हादसा, एक युवती की मौत, 16 श्रद्धालु घायल

रिपोर्टर : मयंक / लोकेशन : महासमुंद, छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले स्थित प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रोपवे की ट्रॉली का केबल टूटने से एक युवती की मौत हो गई, जबकि 16 श्रद्धालु घायल हो गए हैं। इनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन माता के दर्शन के लिए पहुंचे थे। दर्शन के बाद कुछ लोग रोपवे के माध्यम से नीचे उतर रहे थे, तभी अचानक केबल टूट गया। इससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकराई और उसमें सवार लोग करीब 20 फीट नीचे गिर गए।


हादसे के दौरान ऊपर जा रही दूसरी ट्रॉली भी संतुलन खो बैठी और नीचे गिर गई, जिससे उसमें बैठे श्रद्धालु भी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि घायलों में अधिकांश रायपुर के निवासी हैं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तुरंत बाहर निकाला गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महासमुंद रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि रोपवे का केबल कैसे टूटा, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button