जांजगीर-चांपा

फिरौती के लिए अपहरण की साजिश का खुलासा: फरार आरोपी दीपक रात्रे गिरफ्तार, जांजगीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा
जिले की पुलिस ने फिरौती के लिए किए गए एक गंभीर अपहरण मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। महीनों से फरार चल रहे आरोपी दीपक रात्रे को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ की गई। आरोपी के खिलाफ धारा 140(2), 61(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

घटना 13 जून 2025 की है, जब पीड़ित किशन कुमार साहू के पिता बुधराम साहू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पुत्र का अपहरण कर ₹17 लाख की फिरौती की मांग की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने अपहृत किशन कुमार को अभय कुमार के कब्जे से बरामद किया। पूछताछ में अभय कुमार ने खुलासा किया कि उसने अपने साथियों दीपक रात्रे और आयशा बेगम के साथ मिलकर अपहरण की पूरी योजना बनाई थी। उसके बयान के आधार पर आयशा बेगम को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था।

मुख्य आरोपी दीपक रात्रे घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस की लगातार तलाश और निगरानी के बाद आखिरकार दीपक को पकड़ लिया गया। रिमांड पर पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर किशन साहू का अपहरण कर फिरौती वसूलने की योजना में शामिल था। आरोपी ने यह भी बताया कि घटना में उपयोग किया गया चाकू उसके घर में छिपाकर रखा गया है, जिसे पुलिस ने उसके निशानदेही पर बरामद कर लिया।

पूरी कार्रवाई के बाद आरोपी दीपक रात्रे को न्यायालय में पेश कर जिला जेल जांजगीर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक माणिकांत पांडे, उप निरीक्षक कमल दास बनर्जी व अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी सराहना की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button