पोसराखार में जुए का अड्डा बेनकाब, SSP के निर्देश पर कोनी पुलिस की ताबड़तोड़ रेड

बिलासपुर | 16 दिसंबर 2025
बिलासपुर जिले में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों पर सख्ती जारी है। इसी क्रम में थाना कोनी पुलिस ने ऑपरेशन “प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 पत्ती ताश से संगठित रूप से जुआ खिलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार करते हुए ₹5 लाख 37 हजार से अधिक की संपत्ति जप्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 593/2025 के अंतर्गत की गई है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कैसे हुई कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में जुआ-सट्टा विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोनी निरीक्षक भावेश शेंडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 15 दिसंबर 2025 को ग्राम पोसराखार में मुखबिर सूचना पर घेराबंदी कर छापा मारा।
रेड के दौरान आरोपी 52 पत्ती ताश से नगद पैसों का दांव लगाकर संगठित रूप से जुआ खेलते और खिलाते हुए पाए गए।

गिरफ्तार आरोपी
- प्रभात सिंह ठाकुर (27 वर्ष) – निवासी पोसरा, थाना कोनी
- सायबान अली (55 वर्ष) – निवासी रतनपुर
- रामजी केंवट (57 वर्ष) – निवासी पोसरा, थाना कोनी
जप्त सामग्री
02 बंडल 52 पत्ती ताश
01 नीला तिरपाल
₹27,020 नगद
01 मोबाइल फोन
10 मोटरसाइकिल
कुल कीमत: ₹5,37,020/-
पूछताछ में आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर लंबे समय से जुआ संचालन करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों को 16 दिसंबर 2025 को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेंडे, प्रधान आरक्षक रमेश पटनायक, आरक्षक दुर्गेश यादव, अनुज जांगड़े, सोम भार्गव, राकेश खांडे एवं जितेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




