
रिपोर्टर
शुभांशु मिश्रा
लोकेशन
कोरबा | राजिम, छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के लिए गौरव का विषय है कि सेजस सोहागपुर में पदस्थ व्याख्याता राम नारायण प्रधान को अखिल भारतीय स्तर पर श्रेष्ठ साहित्यकारों में शामिल करते हुए सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान शिक्षक कला साहित्य परिषद छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित “एक पेड़ मां के नाम” अखिल भारतीय कविता लेखन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट रचना के लिए प्रदान किया गया।
इस प्रतियोगिता में देशभर से 650 रचनाकारों ने भाग लिया था, जिनमें से 151 रचनाकारों की रचनाओं को चयनित कर एक साझा संकलन “एक पेड़ मां के नाम” प्रकाशित किया गया, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान प्राप्त हुआ। इस कृति का विमोचन माननीय राज्यपाल श्री रमेन डेका के करकमलों से किया गया।



इसके बाद परिषद द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर चयनित 31 श्रेष्ठ साहित्यकारों को राजिम, छत्तीसगढ़ में आयोजित भव्य समारोह में प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो, शाल, श्रीफल एवं ₹1100 की नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय राजेश अग्रवाल, मंत्री संस्कृति एवं पर्यटन छत्तीसगढ़ शासन रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता चंदूलाल साहू, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन ने की।
विशिष्ट अतिथियों में रोहित साहू विधायक राजिम, डॉ. विनय कुमार पाठक कुलपति बिहार, विभा अवस्थी प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा, वरिष्ठ साहित्यकार मीर अली मीर, महेश यादव अध्यक्ष नगर पालिका राजिम सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन सागर कुमार शर्मा द्वारा किया गया।
राम नारायण प्रधान के इस चयन पर सेजस सोहागपुर के प्राचार्य हेम कुमार कुर्रे सहित विद्यालय परिवार, संकूल परिवार, शिक्षा विभाग तथा साहित्य जगत के अनेक साथियों और मित्रों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। यह उपलब्धि न केवल कोरबा जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गौरव का विषय है।






