
रिपोर्टर :दीपक वर्मा / लोकेशन : कुनकुरी जशपुर
जशपुर जिले के कुनकुरी से रामनवमी के अवसर पर भक्ति और उत्साह की भव्य तस्वीर सामने आई है, जहां पूरे नगर में सनातन धर्म समिति के नेतृत्व में विविध धार्मिक आयोजन किए गए। बाइक रैली, शोभायात्रा और भंडारे के माध्यम से पूरा माहौल राममय हो गया।



कुनकुरी में इस वर्ष रामनवमी का पर्व बेहद श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर में धार्मिक गतिविधियों की शुरुआत हो गई थी, जहां हर ओर भक्ति का माहौल देखने को मिला।
दोपहर में सनातन धर्म समिति द्वारा एक भव्य बाइक रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। रैली पूरे नगर में भ्रमण करते हुए जय श्री राम के नारों से गूंज उठी।
समिति के सदस्यों ने आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को इस आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया था। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं का समिति द्वारा सम्मान किया गया।



श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
शाम के समय अलग-अलग गांवों से आए श्रद्धालु एकत्रित हुए और आकर्षक झांकियों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान युवाओं और बालिकाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया।
नगरवासियों ने भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे मार्ग में जगह-जगह पानी, शरबत, खीर, मिठाई और रसगुल्ले का वितरण कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
कुल मिलाकर सनातन धर्म समिति के इस आयोजन ने पूरे कुनकुरी को राममय कर दिया, जहां हर चेहरे पर आस्था और उत्साह साफ नजर आया।




