फास्टैग के लिए KYV प्रक्रिया खत्म: वाहन मालिकों को बड़ी राहत, अब बैंक खुद करेंगे डेटा वेरिफिकेशन

न्यूज़ | नई दिल्ली
वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब फास्टैग के लिए बार-बार KYV (नो योर व्हीकल) प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं होगी। नेशनल हाईवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने 1 फरवरी से नई कार, जीप और वैन के लिए फास्टैग जारी करते समय KYV प्रक्रिया को खत्म करने का फैसला लिया है। साथ ही, जिन वाहनों में पहले से फास्टैग लगा है, उनके मालिकों को भी रूटीन KYV अपडेट कराने से छुटकारा मिलेगा।
NHAI के अनुसार, इस फैसले का मकसद फास्टैग एक्टिवेशन के बाद आने वाली दिक्कतों को खत्म करना है। पहले कई बार वैध दस्तावेज होने के बावजूद यूजर्स को वेरिफिकेशन के नाम पर लंबा इंतजार करना पड़ता था। अब फास्टैग को बार-बार अपडेट करने की जरूरत नहीं होगी, जिससे प्रक्रिया आसान और तेज हो जाएगी।
हालांकि KYV को पूरी तरह समाप्त नहीं किया गया है। अब यह प्रक्रिया जरूरत आधारित होगी। केवल तभी KYV की मांग की जाएगी, जब फास्टैग के गलत इस्तेमाल, गलत जारी होने या किसी शिकायत की जानकारी मिलेगी।
नई व्यवस्था के तहत फास्टैग जारी करने वाले बैंक वाहन पोर्टल के सरकारी डेटाबेस से सीधे वाहन की जानकारी वेरिफाई करेंगे। इससे टोल प्लाजा पर पेमेंट के दौरान समय की बचत होगी और यात्रियों को एक बेहतर, बिना रुकावट वाला अनुभव मिलेगा।




