केरल के पल्लकड़ में छत्तीसगढ़ के मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, बांग्लादेशी होने के शक में हुआ हमला — 5 आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर: लाला उपाध्याय
केरल के पल्लकड़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रामनारायण बघेल के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के करही गांव का निवासी था।

परिजनों के अनुसार रामनारायण बघेल लगभग एक सप्ताह पहले रोज़गार की तलाश में केरल गया था। वह पल्लकड़ क्षेत्र में मजदूरी की तलाश में घूम रहा था, तभी कुछ स्थानीय लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि बांग्लादेशी होने के शक में आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने रामनारायण को इतनी बेरहमी से पीटा कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
इस मामले में केरल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि अब तक राज्य सरकार या प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों के लिए किसी मुआवजे की घोषणा नहीं की गई है।
घटना से आक्रोशित मृतक के परिजन मुआवजे की मांग कर रहे हैं और साथ ही शव को सक्ती जिले स्थित पैतृक गांव तक सुरक्षित पहुंचाने की मांग भी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि परिजन घटनास्थल पल्लकड़ के लिए रवाना हो चुके हैं, ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
फिलहाल यह मामला अंतरराज्यीय मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




