भूमि अधिग्रहण मुआवजा घोटाला: 24 लाख की धोखाधड़ी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा (अकलतरा)
शुभांशु मिश्रा
जांजगीर-चांपा से बड़ी खबर सामने आई है,
जहां अकलतरा थाना पुलिस ने भूमि अधिग्रहण से प्राप्त मुआवजा राशि में 24 लाख रुपए के फर्जीवाड़े का खुलासा किया है।
इस मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो बीते तीन वर्षों से फरार थे और अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहे थे। पुलिस ने दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड बनवाकर, डीसीबी बैंक जांजगीर में फर्जी तरीके से खाता खुलवाया और के.एस.के. वर्धा पावर प्लांट के लिए अधिग्रहित भूमि का मुआवजा निकाल लिया।
प्रार्थी योगेंद्र सिंह चंदेल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि दीपक दिवाकर और नरेश रत्नाकर ने अपने आधार कार्ड में नाम परिवर्तन कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए, और अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया।
पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड, बैंक दस्तावेज, मोबाइल नंबर और अन्य अहम सबूत जब्त किए हैं।
आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 और 34 आईपीसी के तहत कार्रवाई की गई है।
फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है और मामले की विवेचना जारी है।




