धान कटाई के दौरान जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, हत्या के तीनों आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

लोकेशन – मुंगेली, छत्तीसगढ़
संवाददाता – विनोद जायसवाल
दिनांक – 14/12/2025
मुंगेली जिले में जमीन विवाद को लेकर हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।
मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम नेवासपुर में हुई हत्या की वारदात के तीनों फरार आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, ग्राम नेवासपुर में धान कटाई के दौरान जमीन के स्वामित्व को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मिलकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी फरार थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए। थाना प्रभारी सिटी कोतवाली कार्तिकेश्वर जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और त्वरित घेराबंदी के माध्यम से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने हत्या के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
मुंगेली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।




