कोरबा में देर रात उपद्रव—शारदा विहार वैभव होम्स में 17 कारों के शीशे चकनाचूर, आरोपी फरार

लोकेशन — कोरबा
कोरबा के शारदा विहार स्थित वैभव होम्स में बीती रात एक युवक ने अचानक उत्पात मचा दिया। कॉलोनी के पार्किंग एरिया में खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते हुए आरोपी ने करीब 17 कारों के शीशे एक-एक कर तोड़ दिए। घटना इतनी तेजी और आक्रामकता से हुई कि लोगों को कुछ समझ आने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो चुका था।
सुबह जब कॉलोनी निवासी अपनी गाड़ियों के पास पहुंचे तो जगह-जगह टूटे शीशे, बिखरा सामान और अंदर तक फैली तोड़फोड़ देखकर सभी हैरान रह गए। कई वाहन मालिकों ने बताया कि कारों के अंदर रखी वस्तुओं को भी नुकसान पहुंचा है। लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है और कॉलोनी की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज खंगालने के बाद आरोपी की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि युवक कॉलोनी में अकेला प्रवेश कर कुछ ही मिनटों में पूरी वारदात को अंजाम देकर भाग निकला।
फिलहाल पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी है। वहीं कॉलोनी निवासियों ने रात में सुरक्षा गश्त बढ़ाने और बाहरी लोगों की निगरानी को लेकर प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग की है।




