रायगढ़

दीपक शर्मा की गिरफ्तारी पर रायगढ़ में देर रात हंगामा, गांधी प्रतिमा चौक पर युवाओं का प्रदर्शन

लोकेशन: रायगढ़, छत्तीसगढ़
संवाददाता: मनीष सिंह

रायगढ़ शहर में बीती देर रात उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब जनसुनवाई का विरोध कर रहे युवा नेता दीपक शर्मा की गिरफ्तारी को लेकर बड़ी संख्या में युवक सड़कों पर उतर आए। रात करीब 10:30 बजे गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शनकारियों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की गई।

प्रदर्शन कर रहे युवाओं का कहना है कि दीपक शर्मा जनसुनवाई के दौरान स्थानीय जनहित से जुड़े मुद्दों को मुखरता से उठा रहे थे, इसी कारण उन्हें पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया। शुरुआती दौर में दीपक शर्मा को कहां रखा गया है, इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से मौके पर मौजूद युवाओं में आक्रोश बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने दीपक शर्मा के खिलाफ धारा 151 के तहत एहतियातन कार्रवाई की है और उन्हें रायगढ़ जिला जेल लाया गया है। हालांकि, इस मामले में अब तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांधी प्रतिमा चौक सहित आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

फिलहाल रायगढ़ में हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। घटना ने एक बार फिर जनसुनवाई और पुलिस कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button