बरगवां में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित: 13 दिसंबर की नेशनल लोक अदालत में छोटे मामलों का होगा त्वरित समाधान

अकलतरा (जांजगीर-चांपा)
बरगवां में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में आज विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी सहायता और नेशनल लोक अदालत की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि आगामी 13 दिसंबर को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें राजीनामा योग्य मामलों का त्वरित और किफायती तरीके से निपटारा होगा।
किन मामलों का होगा समाधान?
नेशनल लोक अदालत में निम्न प्रकार के मामलों का निस्तारण कराया जा सकता है—
बिजली बिल विवाद
जलकर एवं संपत्ति कर से जुड़े केस
बेदखली संबंधी मामले
चेक बाउंस
छोटे-मोटे दीवानी और आपराधिक राजीनामा योग्य केस ग्रामीणों को बताया गया कि वे अपने लंबित मामलों को 13 दिसंबर को संबंधित न्यायालय में ले जाकर आसानी से निपटा सकते हैं।


निशुल्क अधिवक्ता की सुविधा भी उपलब्ध
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से यह भी बताया गया कि असहाय, गरीब, अशिक्षित और न्याय से वंचित लोगों के लिए निशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाते हैं। जिनके पास कानूनी प्रक्रियाओं का खर्च उठाने की क्षमता नहीं है, उन्हें प्राधिकरण द्वारा मुफ्त में कानूनी सहायता और न्याय दिलाया जाता है।
शिविर में मुख्य उद्देश्य
शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को कानूनी जागरूकता प्रदान करना, लोक अदालत के महत्व को बताना और समाज के कमजोर वर्गों को न्याय की मुख्यधारा से जोड़ना था।




