रनपोटा में बच्चों की जान पर खतरा — स्कूल वैन में ओवरलोडिंग से हर रोज़ सफर बन रहा जानलेवा

सक्ति
G.R.S. Public School के वाहन में क्षमता से दोगुने बच्चे, सुरक्षा नियमों की उड़ रही धज्जियाँ
जिले के ग्राम रनपोटा से बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां स्थित G.R.S. Public School में रोज़ाना स्कूली वाहन में बच्चों को क्षमता से कहीं अधिक संख्या में बैठाकर लाया और ले जाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल प्रबंधन द्वारा संचालित वाहन में लगभग 20 से अधिक बच्चों को ठूसकर बैठाया जाता है, जबकि वाहन की क्षमता सीमित है। गाड़ी में न तो पर्याप्त सीटें हैं और न ही सुरक्षा बेल्ट या किसी प्रकार की निगरानी व्यवस्था।
अभिभावकों ने बताया कि ओवरलोडिंग के कारण बच्चों को खड़े होकर सफर करना पड़ता है। कई बार वाहन संतुलन खो देता है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल प्रशासन और परिवहन विभाग की मिलीभगत से यह सब चल रहा है। जबकि सरकार द्वारा स्कूल वाहनों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं — जिनमें वाहन की फिटनेस, सीट बेल्ट, अग्निशमन यंत्र, और ड्राइवर के लाइसेंस की जांच अनिवार्य है।
लेकिन रनपोटा में इन सभी नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है।
गांववासियों ने शिक्षा विभाग और परिवहन विभाग से तत्काल जांच की मांग की है, ताकि इस तरह की लापरवाही पर रोक लगाई जा सके और बच्चों की जान को सुरक्षित किया जा सके।




