उमरेली में शराब दुकान बनी मुसीबत, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

संवाददाता: सरोज कुमार रात्रे, कोरबा
करतला ब्लॉक के ग्राम पंचायत उमरेली में मुख्य मैदान के समीप संचालित देसी–अंग्रेजी शराब दुकान ग्रामीणों के लिए अब परेशानी का सबब बन गई है। गांव के हृदय स्थल माने जाने वाले इस मैदान में दुकान खुलने के बाद से माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार दुकान के सामने रोज़ाना शराबी खुलेआम शराब सेवन करते हैं और पानी मिले डिस्पोज़ल, कचरा व बोतलों को मैदान में ही फेंक देते हैं। इससे क्षेत्र में गंदगी फैल रही है और टूटी हुई बोतलों से कई लोग घायल भी हो चुके हैं। बच्चों के खेलने और लोगों के रोज़मर्रा के आवागमन वाले इस स्थल को ग्रामीण अब असुरक्षित मानने लगे हैं।
ग्रामवासियों ने बढ़ती अव्यवस्था पर नाराज़गी जताते हुए प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उनका स्पष्ट कहना है कि गांव का वातावरण बिगड़ने से पहले शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए, ताकि ग्रामीण सुरक्षित और स्वच्छ माहौल में रह सकें।




