जांजगीर-चांपा में 20 लाख से ज्यादा की लूट का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर :— जय ठाकुर
लोकेशन :— जांजगीर-चांपा
दिनांक:— 16/01/2026
जांजगीर-चांपा में 20 लाख रुपये से अधिक की बड़ी लूट का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।
सायबर टीम और थाना चाम्पा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस वारदात के मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह पूरा मामला थाना चाम्पा क्षेत्र का है, जहां अरविंद इंडस्ट्रीज के सुपरवाइजर से लूट की गई थी।
पुलिस के मुताबिक इस लूट की साजिश करीब दो महीने पहले रची गई थी।
9 जनवरी को आरोपियों ने कोसमंदा तालाब के पास पीड़ित की आंखों में मिर्च पावडर डालकर उसका अपहरण किया, जबरन कार में बैठाया और नकदी से भरा बैग लूट लिया।
इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को मैनपाट ले जाकर जान से मारने की नीयत से गहरी खाई में धक्का दे दिया।


पीड़ित पूरी रात खाई में फंसा रहा और अगले दिन किसी तरह पुलिस तक पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सायबर टीम को जांच में लगाया गया।
चाम्पा, बलौदा और कोरबा क्षेत्र के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 लाख 75 हजार रुपये नगद, वारदात में प्रयुक्त वेन्यु कार, चाकू, बेसबॉल स्टिक और 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर लूट की रकम और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटा रही है।




