लोकसभा में विपक्ष का जोरदार हंगामा, पीएम मोदी के खिलाफ नारे; कार्यवाही 8 मिनट चली, सदन 12 बजे तक स्थगित

नई दिल्ली | 3 फरवरी
बजट सत्र के पांचवें दिन लोकसभा में विपक्ष का भारी हंगामा देखने को मिला। सुबह 11 बजे शुरू हुई सदन की कार्यवाही महज 8 मिनट ही चल सकी। विपक्षी सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रश्नकाल को बाधित कर दिया।
लोकसभा अध्यक्ष ने विपक्ष को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि प्रश्नकाल के दौरान नारेबाजी का क्या औचित्य है, लेकिन इसके बावजूद हंगामा थमता नहीं दिखा। लगातार व्यवधान के चलते स्पीकर ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।
NDA बैठक में पीएम मोदी का स्वागत
एक तरफ सदन में हंगामा जारी रहा, वहीं दूसरी ओर अमेरिका-भारत ट्रेड डील को लेकर मंगलवार सुबह हुई NDA संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री किरेण रिजिजू ने इसे “अद्भुत और ऐतिहासिक उपलब्धि” बताया।
ट्रेड डील पर विपक्ष के सवाल
विपक्ष अमेरिका-भारत ट्रेड डील को लेकर सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जैसे पहले सीजफायर की घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने की थी, वैसे ही इस बार भी ट्रेड डील की घोषणा भारत की बजाय ट्रम्प ने की। कांग्रेस ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस मामले में दबाव में आकर समझौता किया।
सदन में हंगामे और बाहर सियासी बयानबाजी के बीच साफ है कि आने वाले दिनों में ट्रेड डील और विदेश नीति बजट सत्र का बड़ा मुद्दा बने रहने वाले हैं।




