
रिपोर्टर: ब्यूरो रिपोर्ट / लोकेशन: रायपुर
राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुढ़ियारी पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर पार्किंग से 13 किलो 156 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी अंतर्राज्यीय तस्करी में शामिल बताए जा रहे हैं।



पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में राजेंद्र प्रसाद शामिल है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, जबकि महिला आरोपी हेमलता कैवर्त्य बिलासपुर की निवासी है। दोनों आपस में प्रेमी-प्रेमिका हैं और शक से बचने के लिए पति-पत्नी बनकर ट्रेन में सफर करते थे।



पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के खड़ियार रोड से गांजा लाकर प्रयागराज ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 किलो 156 ग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 6 लाख 77 हजार रुपये आंकी गई है।
फिलहाल गुढ़ियारी थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 20बी के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




