बारात में नाचने के विवाद पर चाकू हमला: फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा
लोकेशन – जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा से बड़ी पुलिस कार्रवाई की खबर सामने आई है।
थाना सारागांव पुलिस ने बाराती में नाचने को लेकर हुए जानलेवा चाकू हमले के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, 10 फरवरी 2026 को ग्राम अफरीद में बारात के दौरान नाचने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद में ग्राम बोरसी पामगढ़ से आए आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौच करते हुए गौरव बरेठ और उसके साथी सागर बरेठ पर चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल दोनों को इलाज के लिए बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय, आईपीएस के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। घटना स्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया गया और घायल गौरव बरेठ का मृत्युकालीन कथन कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष दर्ज कराया गया।
इस प्रकरण में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। वहीं, फरार मुख्य आरोपी नरेंद्र यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी बोरसी पामगढ़ को लगातार पातासाजी के बाद दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 191(2), 191(3), 296 और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी, एएसआई राजेश सिंह, प्रधान आरक्षक अर्जुन जांगड़े सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




