एक ही रात में 6 वारदातों को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, लूट और जानलेवा हमलों का खुलासा

लोकेशन-जांजगीर-चांपा/रिपोर्टर-शुभांशु मिश्रा
जांजगीर-चांपा जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस ने जानलेवा हमला, लूट और डकैती की कई वारदातों में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

मामला शिवरीनारायण और पामगढ़ थाना क्षेत्रों का है, जहां आरोपियों का एक गिरोह सुनसान रास्तों पर मोटरसाइकिल से घूमकर राहगीरों को निशाना बनाता था। ये आरोपी लोगों को रोककर गाली-गलौच करते हुए लोहे की रॉड, पाइप और डंडों से बेरहमी से हमला करते थे और फिर मोबाइल व नकदी लूटकर फरार हो जाते थे।
27 और 29 जनवरी 2026 की रात आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर कुल 6 वारदातों को अंजाम दिया। शिवरीनारायण क्षेत्र के कचंदा गांव के पास नहर किनारे तीन घटनाएं हुईं, जबकि पामगढ़ क्षेत्र के जोगिया नाला पुल, मेउ और चेऊडीह में भी लूटपाट की घटनाएं सामने आईं। इन हमलों में मुकेश रायसागर गंभीर रूप से घायल हुए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने विशेष टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए। साइबर सेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की गई।
इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी रामनाथ गोंड उर्फ रामनाथ सबरिया, उम्र 23 वर्ष, निवासी राहौद को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया गया। आरोपी पहले से ही हत्या के प्रयास के एक अन्य मामले में जेल में बंद था। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया स्टील पाइप और लूटे गए 5 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इससे पहले इस मामले में 7 आरोपी और 2 विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा जा चुका है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में शिवरीनारायण और पामगढ़ थाना पुलिस की टीम का सराहनीय योगदान रहा है।




