तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नाले में घुसा, बड़ी दुर्घटना टली

सीमेंट से लदा था ट्रैक्टर, क्रेन की मदद से निकाला गया बाहर लचनपुर चौक का मामला
जांजगीर-चांपा
जिले के चांपा जांजगीर मुख्य मार्ग के लचनपुर चौक के समीप में आज दोपहर 2 बजे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर हादसे का शिकार हो गया। चांपा से जांजगीर की ओर जा रहा सीमेंट से भरा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नाले में जा घुसा। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रैक्टर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि रेलिंग पूरी तरह टूटकर बिखर गई।


जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर की गति तेज थी। संतुलन बिगड़ने से चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और ट्रैक्टर सीधे नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और हादसे में चालक सुरक्षित है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने क्रेन बुलाकर पलटे हुए ट्रैक्टर को बाहर निकाला। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर में सीमेंट की बोरियां लदी थीं, जिसके वजन और तेज रफ्तार के कारण वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। यह हादसा फिर एक बार तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों की याद दिलाता है।




