सक्ती में बड़ा हादसा टला: भाजपा नेताओं का काफिला आपस में टकराया, बड़ा नुकसान होने से बचा

सक्ती, 16 नवंबर 2025
जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े के काफिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब काफिला हसौद थाना क्षेत्र के धमनी गांव के पास एक-दूसरे से टकरा गया। बताया जा रहा है कि काफिले की तीन गाड़ियां आपस में भिड़ गईं, हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ा नुकसान या जनहानि नहीं हुई।
हादसे के समय सांसद कमलेश जांगड़े अपनी गाड़ी में मौजूद नहीं थे, जिससे एक संभावित बड़ी घटना टल गई। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल एवं जिला पंचायत सभापति आयुष शर्मा का वाहन भी इस टक्कर में शामिल बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, काफिला तेज रफ्तार में था और अचानक ब्रेक लगने से पीछे चल रही गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। टक्कर के बाद मौके पर सुरक्षा कर्मी और स्थानीय लोग तुरंत पहुंचे और स्थिति को संभाला।
पुलिस ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और वाहनों के नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। फिलहाल सभी सुरक्षित हैं और कोई गंभीर घायल नहीं है।
यह हादसा एक बड़ी राहत लेकर आया है क्योंकि काफिले के प्रमुख नेताओं को कोई आंच नहीं आई और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।




