कोरबा

कोरबा में बड़ा हादसा: हाथियों की निगरानी से लौटते वक्त रेंजर की कार पेड़ से टकराई, रेंजर मनीष सिंह गंभीर रूप से घायल

रिपोर्टर: सरोज रात्रे, कोरबा

कोरबा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां हाथियों की मूवमेंट पर रातभर नजर रखने के बाद लौट रहे वन विभाग के रेंजर एक गंभीर सड़क हादसे का शिकार हो गए। जानकारी के अनुसार, कटघोरा वन मंडल अंतर्गत पसान रेंज के रेंजर मनीष सिंह अपनी ड्यूटी पूरी कर वापस लौट रहे थे, तभी उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रेंजर मनीष सिंह के सीने में गंभीर चोटें आई हैं और उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में इन दिनों करीब 53 हाथियों का विशाल दल लगातार विचरण कर रहा है। हाथियों के इस बड़े मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग की टीमें लगातार हाई अलर्ट पर हैं और रात-दिन निगरानी का काम कर रही हैं। रेंजर मनीष सिंह भी बीती रातभर फील्ड में रहकर हाथियों की लोकेशन अपडेट कर रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंच गया है। विभागीय अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। फिलहाल रेंजर की हालत पर अस्पताल प्रशासन की ओर से आगे की जानकारी का इंतजार है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button