जांजगीर-चांपा में अवैध धान कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 225 कट्टी धान जब्त

लोकेशन – जांजगीर-चांपा
रिपोर्टर – जय ठाकुर
जांजगीर-चांपा जिले में अवैध धान भंडारण और गैरकानूनी व्यापार के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के स्पष्ट निर्देशन में मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले के विभिन्न गांवों में छापेमारी की गई।
इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुल 225 कट्टी यानी लगभग 90 क्विंटल अवैध धान जप्त किया गया है, जिससे अवैध धान कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार—
ग्राम अर्जुनी में प्रमोद कुमार बंजारे के कब्जे से 70 कट्टी (28 क्विंटल) अवैध धान जप्त किया गया।
वहीं ग्राम बनहिल में कमल किशोर के यहां से 93 कट्टी (37.20 क्विंटल) धान अवैध रूप से संग्रहित पाया गया।
इसके अलावा ग्राम कटघरी में जयप्रकाश नायक से 32 कट्टी (12.80 क्विंटल) और
ग्राम पंतोरा, तहसील बलौदा क्षेत्र में विनोद मरावी से 30 कट्टी (12 क्विंटल) अवैध धान जप्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्तियों से धान से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया,
लेकिन कोई भी संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद मंडी अधिनियम के तहत धान को विधिवत जप्त कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू की गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी के मौसम में किसानों के हितों की रक्षा और शासन की खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अवैध भंडारण, परिवहन या दलाली के माध्यम से शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले की सभी तहसीलों में सतत निगरानी रखते हुए अवैध धान के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखा जाए।
इसके लिए राजस्व, खाद्य, मंडी एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन ने आम नागरिकों और किसानों से अपील की है कि वे धान के भंडारण और परिवहन में शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।




