
लोकेशन: सूरजपुर, छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर: सुरेन्द्र साहू
सूरजपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस ने अवैध कोयला चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में कोयला और कई वाहन जब्त किए हैं।


सूरजपुर जिले में कोयला चोरी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार सुबह पुलिस टीम ने गायत्री खदान में अचानक दबिश दी।
पुलिस को मौके पर देखकर कोयला चोरी में शामिल लोग अंधेरे का फायदा उठाकर अपनी मोटरसाइकिल और साइकिल छोड़कर फरार हो गए।


छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से करीब 450 बोरी यानी लगभग 33 टन कोयला बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही 13 मोटरसाइकिल और 7 साइकिल भी जब्त की गई हैं।
जब्त किए गए कोयले को खदान प्रबंधन को सौंप दिया गया है, जबकि लावारिस हालत में मिले वाहनों के मालिकों की पहचान की जा रही है।
मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसएसपी प्रशांत ठाकुर का कहना है कि अवैध कोयला कारोबार और इससे जुड़े नेटवर्क को तोड़ने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
साथ ही खदान प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अवैध रास्तों को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही इसमें शामिल लोगों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।




