सुरजपुर में बड़ी कार्रवाई: नशीले इंजेक्शन का तस्कर गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क का खुलासा—मुख्य सप्लायर फरार

लोकेशन – सूरजपुर, छत्तीसगढ़
रिपोर्टर – सुरेन्द्र साहू
सुरजपुर जिले में नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार पर आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई लगातार जारी है। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता, सरगुजा की टीम ने एक और सप्लायर को पकड़कर जेल भेज दिया है।
घटना 6 दिसंबर 2025 की शाम की है, जब उड़नदस्ता टीम थाना रामानुजनगर क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि उमापुर पंडरीपानी निवासी खलेश्वर राम साहू अपने घर में भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन रखकर बिक्री कर रहा है।
सूचना मिलते ही सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने टीम के साथ तत्काल कार्रवाई करते हुए उसके घर पर दबिश दी। सरकारी वाहन और वर्दीधारी टीम को देखकर आरोपी खलेश्वर साहू एक झोला लेकर बाड़ी की ओर भागने लगा, लेकिन उसे पीछा कर मौके पर ही पकड़ लिया गया।


झोले की तलाशी लेने पर टीम को चौंकाने वाली मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद हुए—
37 नग Rexogesic Injection
56 नग AVIL Injection
बरामदगी के बाद आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(C) के तहत गिरफ्तार कर आज 07 दिसंबर 2025 को न्यायालय सूरजपुर में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने के आदेश दिए गए।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह पहले भी दो बार इसी तरह के अपराध में जेल जा चुका है। उसने यह भी खुलासा किया कि नशीले इंजेक्शन बैकुंठपुर निवासी पुष्पेंद्र से खरीदे जाते थे।
आबकारी टीम ने पुष्पेंद्र के घर पर भी दबिश दी, लेकिन वह मौके से फरार मिला। उसके खिलाफ खोजबीन तेज कर दी गई है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि फरार आरोपी पुष्पेंद्र झारखंड के डेहरी ऑन सोन से माल लाकर इलाके के कई लोगों को सप्लाई करता है, साथ ही वह घर-घर जाकर ट्यूशन टीचर का काम भी करता है, जिससे लोगों के घरों में आसानी से आवाजाही कर पाता था।
आबकारी विभाग ने साफ किया है कि इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर जेल दाखिल करने की कार्रवाई जारी है।




