जांजगीर-चांपा में अवैध धान भंडारण पर बड़ी कार्रवाई — 835 क्विंटल धान और दो वाहन जब्त

लोकेशन – जांजगीर-चांपा
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के सख्त निर्देश पर जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। खाद्य विभाग, राजस्व विभाग और मंडी प्रबंधन की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में अवैध धान जब्त किया है।
जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू ने जानकारी दी कि विकासखंड बलौदा के ग्राम पंचायत जर्वे में यादव ब्रदर्स (प्रोप्राइटर मणिशंकर यादव) के गोदाम में दबिश दी गई। जांच के दौरान गोदाम परिसर में 1700 बोरी धान, यानी 680 क्विंटल, अवैध रूप से संग्रहित पाया गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरा धान जब्त कर लिया।

इसके अलावा टीम ने धान परिवहन कर रही दो गाड़ियों को भी रोका—
गाड़ी CG11 AY 6965 (Mahindra FURIA 14) से 170 बोरी (68 क्विंटल) धान
गाड़ी CG11 BH 3402 (Eicher EUTECH 6K Pro 2114XP) से 219 बोरी (87.60 क्विंटल) धान
कुल मिलाकर 835.60 क्विंटल धान और दो वाहनों को अवैध भंडारण और परिवहन के आरोप में जप्त किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि आगे की कार्रवाई मंडी अधिनियम व अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत की जा रही है।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाले कोचियों, बिचौलियों और अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों पर ऐसी कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



