दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ा विस्तार, 81 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू, कुल संख्या 319 हुई

नई दिल्ली
दिल्ली सरकार ने राजधानी के नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार द्वारा 81 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया गया है, जिसके साथ ही अब दिल्ली में ऐसे स्वास्थ्य केंद्रों की कुल संख्या 319 तक पहुंच गई है।
इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से आम लोगों को मुफ्त डॉक्टर परामर्श, जरूरी स्वास्थ्य जांच, दवाइयां, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण और पोषण संबंधी परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। खास बात यह है कि इन केंद्रों का उद्देश्य इलाज के साथ-साथ रोकथाम और स्वास्थ्य जागरूकता को भी बढ़ावा देना है।
सरकार का कहना है कि इन नए केंद्रों के शुरू होने से मोहल्ला स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच और मजबूत होगी, जिससे लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों के लिए बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे एक ओर जहां सरकारी अस्पतालों पर बढ़ता दबाव कम होगा, वहीं दूसरी ओर मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आधुनिक उपकरणों के साथ प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है, ताकि नागरिकों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके। यह पहल खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।
दिल्ली सरकार का मानना है कि यह कदम राजधानी को स्वस्थ दिल्ली बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।




