सक्ती में पोल्ट्री फार्म में भीषण आग, 200 चूजों की मौत, करीब 5 लाख का नुकसान

रिपोर्टर: अमन कुमार सोनी
लोकेशन: ग्राम मरघटी, जिला सक्ती
ग्राम मरघटी में एक पोल्ट्री फार्म में आग लगने से भारी नुकसान की खबर सामने आई है। इस हादसे में करीब 200 मुर्गी के चूजे मौके पर ही जलकर मर गए, जबकि पोल्ट्री फार्म में रखा सीमेंट, शेड और अन्य सामग्री भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गई। अनुमानित नुकसान करीब 5 लाख रुपये बताया जा रहा है।

पोल्ट्री फार्म के संचालक लखन चंद्रा ने इस घटना के लिए गांव के ही नमन कश्यप को जिम्मेदार ठहराया है। लखन चंद्रा का आरोप है कि नमन कश्यप ने अपने खेत में पराली जलाई थी, जिसके बाद आग की लपटें फैलते हुए सीधे उसके पोल्ट्री फार्म तक पहुँच गईं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

लखन चंद्रा ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि चूजों को बचाने का कोई मौका नहीं मिला और कुछ ही देर में पूरा पोल्ट्री फार्म जलकर खाक हो गया। पीड़ित संचालक ने इस संबंध में हसौद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
वहीं, इस मामले में आरोपी बनाए जा रहे नमन कश्यप ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उसने अपने खेत में आग नहीं लगाई। उसका दावा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा खेत में आग लगाई गई थी, जिससे यह घटना हुई है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग खेतों में आग जलाने को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




