हाथी प्रभावित क्षेत्र में बिजली तार चोरी की बड़ी वारदात—20 गांव अंधेरे में, ग्रामीण दहशत में

छत्तीसगढ़ के हाथी प्रभावित इलाके में बिजली तार चोरी की बड़ी घटना सामने आई है, जिसके बाद लगभग 20 गांवों की जिंदगी पूरी तरह अंधेरे में डूब गई है। जामबहार से लेकर सतरंगा गांव तक फैली कई किलोमीटर लंबी 33 केवी विद्युत लाइन को चोरों ने रात के अंधेरे में निशाना बना लिया। अज्ञात चोर पूरी लाइन को उखाड़कर तार ले गए, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।


ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कई दिनों से बिजली कटौती लगातार जारी है और रातें काले अंधेरे में बीत रही हैं। सबसे ज्यादा खतरा हाथी प्रभावित गांवों में बढ़ गया है, जहां बिजली न होने के कारण हाथियों की आवाजाही का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। अंधेरे के बीच ग्रामीणों की सुरक्षा की चिंता और डर दोनों बढ़ गए हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है—
“बिजली नहीं है… रातभर हाथी घूमते हैं… बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक डर में हैं… प्रशासन तुरंत ध्यान दे।”
स्थानीय लोगों ने इस गंभीर समस्या की शिकायत विद्युत विभाग और पुलिस प्रशासन दोनों को कर दी है, लेकिन अब तक लाइन बहाली का काम तेज गति से शुरू नहीं हो पाया है। चोरी करने वाले गिरोह की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस किसी ठोस परिणाम पर नहीं पहुंच सकी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द बिजली बहाल करने, चोर गिरोह पर कठोर कार्रवाई करने और हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल स्थिति यह है कि लगभग 20 गांवों की रातें घोर अंधेरे में बीत रही हैं और लोग राहत की उम्मीद लगाए हुए हैं।




