नवपदस्थ एसएसपी के नेतृत्व में नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस की बड़ी तैयारी, एनडीपीएस एक्ट पर विवेचकों को विशेष प्रशिक्षण

रिपोर्टर – दीपक वर्मा
लोकेशन – जशपुर
दिनांक – 08/02/2026
जशपुर पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और अधिक धारदार बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
एनडीपीएस एक्ट के मामलों में विवेचना को मजबूत और कानूनी रूप से त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
नवपदस्थ एसएसपी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला में जिले के सभी विवेचकों को नशे के मामलों में प्रभावी जांच और अभियोजन की बारीकियों से अवगत कराया गया।
आज दिनांक 08 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर के मीटिंग हॉल में एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों की विवेचना को सुदृढ़ करने हेतु एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित विवेचकों को एनडीपीएस एक्ट के विधिक प्रावधानों, जप्ती प्रक्रिया, सैंपलिंग, साक्ष्य संकलन और चेन ऑफ कस्टडी से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश जशपुर श्री शैलेन्द्र पटवर्धन, डिप्टी डायरेक्टर अभियोजन श्री सुरेश कुमार साहू, सहायक निदेशक अभियोजन श्री विपिन्न कुमार एवं सहायक जिला अभियोजन अधिकारी श्री विवेक शर्मा ने न्यायिक दृष्टिकोण से मार्गदर्शन प्रदान किया।


इस अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि एनडीपीएस मामलों में अभियोजन विभाग से समन्वय कर मजबूत केस डायरी तैयार की जाए, ताकि आरोपियों को प्रभावी सजा दिलाई जा सके।
कार्यशाला में धारा 50 एवं 57 के अनुपालन, फोरेंसिक जांच और एक से अधिक आरोपियों से जुड़े मामलों की विवेचना पर भी विशेष चर्चा की गई।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, डीएसपी सहित जिले के समस्त थाना-चौकी प्रभारी एवं वर्चुअल माध्यम से विवेचक शामिल हुए।




