शादीशुदा महिला का अश्लील फोटो वायरल करना पड़ा महंगा — जशपुर पुलिस ने आरोपी को उड़ीसा से धर दबोचा

दीपक वर्मा – जशपुर
लोकेशन – जशपुर/फरसाबहार
जशपुर जिले के फरसाबहार थाना क्षेत्र में शादीशुदा महिला की अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाला आरोपी उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी घटना के बाद से फरार था, लेकिन जशपुर पुलिस ने टेक्निकल इनपुट के आधार पर उसे ट्रेस कर धर दबोचा।

मामला 24 अक्टूबर का है, जहां फरसाबहार की 32 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि घर निर्माण के दौरान परिचय में आए आरोपी सोलेमान शेख ने वीडियो कॉलिंग के दौरान झांसा देकर उसकी अश्लील तस्वीरें ले लीं और बाद में उसे बदनाम करने इंस्टाग्राम में वायरल कर दिया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएनएस की धारा 79 और आईटी एक्ट की धारा 67(A) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया और आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी लगातार जगह बदल रहा था—पहले कोलकाता और फिर उड़ीसा। जहां जशपुर पुलिस की विशेष टीम ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आखिरकार उड़ीसा के अंगुल जिले के खम्हार से सोलेमान शेख को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसमें संदिग्ध डेटा की जांच जारी है।

एसएसपी जशपुर, शशि मोहन सिंह का सख्त निर्देश है कि ऐसे अपराधों में कोई भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध और महिलाओं से जुड़े अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।




