
दयाशंकर यादव
बलरामपुर
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में आज खुशियों का माहौल देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के तहत 150 जोड़ों का विवाह पूरे विधि-विधान के साथ सम्पन्न कराया गया। हाईस्कूल ग्राउंड में आयोजित इस भव्य सामूहिक विवाह समारोह में जिले के सभी विकासखंडों से वर-वधू शामिल हुए।
बलरामपुर जिले के हाईस्कूल ग्राउंड में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के तहत आज 150 जोड़ों ने एक-दूसरे के साथ जीवनभर का रिश्ता निभाने की कसमें खाईं। इस सामूहिक विवाह समारोह में हिंदू समाज के साथ-साथ क्रिश्चियन समाज के जोड़े भी शामिल हुए।
खास बात यह रही कि इस आयोजन में एक दिव्यांग जोड़े ने भी सात फेरे लेकर समाज को समानता और समावेशन का संदेश दिया। जिले के प्रत्येक विकासखंड से नवदंपत्ति अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।



पूरे आयोजन में पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक विधानों के साथ विवाह सम्पन्न कराया गया। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध और सफल वैवाहिक जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों की भी मौजूदगी रही। परिजनों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उद्देश्वरी पैकरा, विधायक – सामरी
“भाजपा शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के तहत आज बलरामपुर में 150 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ है। वहीं पूरे प्रदेश में 14 हजार से अधिक जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जा रहा है। यह भाजपा सरकार की एक बड़ी उपलब्धि है और इस योजना की शुरुआत भी भाजपा के शासनकाल में ही हुई थी।”




